जरूरतमंदों को भोजन कराकर दिया सेवा, समर्पण और भाईचारे का संदेश, दीपावली के चलते 5 नवंबर को होगा अगला भंडारा
ज्वालापुर (हरिद्वार)। धर्मनगरी हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित श्री गुरु रविदास धर्मशाला में गुरुजी की रसोई की ओर से आयोजित साप्ताहिक भंडारा सेवा, समर्पण और मानवता की अनूठी मिसाल पेश कर रहा है। इस पुनीत सेवा कार्य के माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही समाज में परोपकार, आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे विशाल राठौर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सामाजिक सेवा और मानव कल्याण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खड़े रहना सच्ची मानवता का परिचायक है। समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत बनाकर ही एक बेहतर और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने गुरुजी की रसोई द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ ही लोगों को निस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर गुरुजी की रसोई के अध्यक्ष कमल उनियाल ने कहा कि श्री गुरु रविदास धर्मशाला में आयोजित साप्ताहिक भंडारे का मुख्य उद्देश्य मानवता की सेवा करना और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना है। भारतीय संस्कृति में भूखे को भोजन कराना सबसे बड़े पुण्य कार्यों में से एक माना गया है। गुरुजी की रसोई इसी सेवा परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में सामाजिक सहयोग और जनसेवा की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। ऐसे में गुरुजी की रसोई का यह प्रयास समाज में समानता, सद्भाव और सेवा भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से लोकेश कुमार, नेपाल सिंह, अजय ठाकुर, महेश, शिवपाल, मानव, अमन, मुकेश कुमार, सचिन, राकेश, गोपाल सिंह, रौनक, महेश सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे।
दीपावली के चलते 5 नवंबर को होगा अगला भंडारा
गुरुजी की रसोई के अध्यक्ष कमल उनियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार रविवार को दीपावली का पर्व होने के कारण साप्ताहिक भंडारे का आयोजन रविवार के स्थान पर 5 नवंबर, दिन बृहस्पतिवार को किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं सेवा भाव रखने वाले लोगों से इस आयोजन में सहभागिता करने की अपील की।






