अफवाहों से रहें दूर, अखाड़ा परिषद पूरी एकजुटता से महाकुंभ की तैयारियों में जुटी : महंत रवींद्र पुरी महाराज
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष परम पूज्य श्रीमहंत रवींद्र पुरी जी महाराज ने स्पष्ट किया है कि अखाड़ा परिषद एक प्रबुद्ध, अनुशासित और गौरवशाली संगठन है, जो सनातन धर्म की परंपराओं, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सदैव समर्पित रहा है।
उन्होंने कहा कि कुछ स्वार्थी तत्व परिषद को लेकर अनधिकृत एवं भ्रामक अफवाहें फैलाकर संत समाज में भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ऐसे प्रयास कभी सफल नहीं होंगे। महंत जी ने विशेष रूप से अध्यक्ष पद को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम को पूरी तरह निराधार, असत्य और तथ्यों से परे बताया।
महंत रवींद्र पुरी जी महाराज ने सभी संतों, श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक प्रचार पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत जानकारी पर ही विश्वास करें।
उन्होंने आगे बताया कि अखाड़ा परिषद पूर्ण एकजुटता और आपसी समन्वय के साथ आगामी महाकुंभ की तैयारियों में जुटी हुई है। परिषद का लक्ष्य श्रद्धालुओं को एक भव्य, दिव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित महाकुंभ प्रदान करना है। इसके लिए सभी अखाड़ों, संत-महात्माओं और संबंधित संस्थाओं के साथ लगातार संवाद और समन्वय बनाए रखा जा रहा है।
महंत जी ने कहा, “जो संत कल हमारे साथ थे, वे आज भी हमारे साथ हैं और आगे भी रहेंगे। हमारी शक्ति हमारी एकता, आपसी विश्वास और सनातन धर्म के प्रति समर्पण में निहित है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि अखाड़ा परिषद किसी भी प्रकार की भ्रम फैलाने वाली मानसिकता को स्वीकार नहीं करती और उसका उद्देश्य केवल धर्म, समाज और राष्ट्रहित में कार्य करना है।
अंत में उन्होंने कहा कि संत समाज सदैव प्रेम, सद्भाव, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देता आया है। सभी श्रद्धालुओं से उन्होंने सकारात्मक वातावरण बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और महाकुंभ जैसे दिव्य एवं भव्य आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की।

