हरिद्वार में “विकसित भारत-2047” पर प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम आयोजित
हरिद्वार स्थित वैभव ग्रैंड होटल में “विकसित भारत-2047” के संकल्प को लेकर एक प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ विस्तृत संवाद किया।अपने संबोधन में अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 के बाद से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य प्रभावी रूप से हुआ है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों की उन्नति, युवाओं को रोजगार, डिजिटल क्रांति और बुनियादी ढांचे के विकास में अभूतपूर्व प्रगति दर्ज की गई है।उन्होंने आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, 4 करोड़ पक्के घरों से लोगों को छत मिली है, 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है तथा 3 करोड़ महिलाएं ‘लखपति दीदी’ योजना से सशक्त हो रही हैं। इसके अलावा 57 करोड़ मुद्रा लोन वितरित किए गए हैं, 12 करोड़ शौचालय बनाए गए हैं, 79 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड निर्यात हुआ है और सामाजिक सुरक्षा कवरेज तीन गुना से अधिक बढ़ी है। यूपीआई लेनदेन में भी 12000 गुना की वृद्धि दर्ज की गई है।उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और देश में सड़क, रेल, हवाई अड्डों, बंदरगाहों तथा डिजिटल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है। कोरोना महामारी के दौरान भारत ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि अन्य देशों की सहायता कर वैश्विक नेतृत्व का परिचय भी दिया।कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि “विकसित भारत-2047” केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। इसे साकार करने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने प्रबुद्ध जनों से इस विजन को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।संवाद के दौरान उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों ने भी अपने विचार और सुझाव साझा किए। अरुण सिंह ने सभी सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों के साथ निरंतर संवाद कर राष्ट्र निर्माण के कार्य को आगे बढ़ा रही है।भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरिद्वार जिला प्रभारी अनिल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक सुधारों और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने हेतु अपने-अपने क्षेत्रों में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।इस अवसर पर उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर दिनेश चंद्र शास्त्री, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, राजकुमार अरोड़ा, पार्षद राजेश शर्मा, दीपांशु विद्यार्थी, तरुण नैयर, मंडल अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, राजेंद्र कटारिया, किशन बजाज, तुशांक भट्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, कामिनी सडाना, मृदुला शास्त्री सिंघल, पारुल चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

