श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

संत मंडल आश्रम में श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

हरिद्वार। संत मंडल आश्रम में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के अंतर्गत आज पांचवें दिवस पर भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पावन प्रसंग अत्यंत श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया। अहमदाबाद (गुजरात) से आए श्रद्धालुओं द्वारा आयोजित इस कथा में प्रतिदिन भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म एवं उनकी दिव्य लीलाओं का सुंदर एवं भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा वाचक विकास जी द्वारा कथा का श्रवण इतनी मधुर एवं प्रभावशाली शैली में कराया जा रहा है कि श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर कथा रस का आनंद ले रहे हैं।

आज के विशेष अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को बड़े ही भव्य और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने नाच-गाकर, झूमकर और भगवान के जयकारों के साथ जन्मोत्सव का उत्सव मनाया, जिससे पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

भजन-कीर्तन और उत्सव के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उल्लासपूर्वक स्वागत किया। इस दौरान वातावरण पूरी तरह कृष्णमय हो गया और हर ओर भक्ति की गूंज सुनाई दी।

यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए न केवल आध्यात्मिक आनंद का माध्यम बन रहा है, बल्कि उनके जीवन में भक्ति, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!