रायपुर मार्ग पर भारत गैस गोदाम के सामने झाड़ियों में लगी आग

रायपुर मार्ग पर भारत गैस गोदाम के सामने झाड़ियों में लगी आग
बिजनौर /नजीबाबाद। रविवार शाम रायपुर रोड स्थित विजन कॉलेज के पास खाली प्लॉट में झाड़ियों में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट तत्काल मोटर फायर इंजन और आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचकर देखा गया कि खाली प्लॉट में खड़ी झाड़-झंखाड़ धू-धू कर जल रही थी। फायर कर्मियों ने होजरील के माध्यम से पानी की लाइन बनाकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। साथ ही पास में स्थित भारत गैस गोदाम और विजन कॉलेज को सुरक्षित बचा लिया गया। जानकारी के अनुसार खाली प्लॉट बॉबी पुत्र वीरेंद्र कुमार का बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण लापरवाही से धूम्रपान करना माना जा रहा है। घटना की जानकारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी जनपद बिजनौर डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय को दी गई, जिनके निर्देशन में पूरा राहत एवं बचाव कार्य संपन्न हुआ। फायर सर्विस मुख्यालय लखनऊ को भी घटना से अवगत करा दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!