“दमकल की देरी, कबाड़ की दुकान खाक”

🔥 “दमकल की देरी, कबाड़ की दुकान खाक”
बिजनौर (चांदपुर):
शुक्रवार दोपहर चांदपुर के बिजनौर बाईपास रोड स्थित एक कबाड़ की दुकान में अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
मोहल्ला पतियापाड़ा निवासी कदीर की यह दुकान धर्म कांटे के पास स्थित है। कदीर के मुताबिक, वह जुमे की नमाज अदा करने के लिए दुकान बंद कर मस्जिद गया था। इसी दौरान उसे सूचना मिली कि उसकी दुकान में आग लग गई है। मौके पर पहुंचने तक आग बेकाबू हो चुकी थी और ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं।
घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बाल्टियों और अन्य संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए।
लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचा, जिससे आग और भड़क गई और नुकसान कई गुना बढ़ गया। वार्ड 10 के सभासद वहीद अहमद ने बताया कि नगर पालिका की ओर से तुरंत पानी का टैंकर भेजा गया, वहीं कस्बा इंचार्ज सागर चौधरी ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभालने की कोशिश की।
वहीं, फायर ब्रिगेड विभाग का कहना है कि चांदपुर फायर स्टेशन पर उस समय केवल एक ही गाड़ी उपलब्ध थी, जो नूरपुर में मेले की ड्यूटी पर तैनात थी। सूचना मिलते ही उसे वापस बुलाया गया और बिजनौर से दूसरी गाड़ी मंगाई गई। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों टीमों ने घंटों में आग पर काबू पाया।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर दमकल समय पर पहुंच जाती तो इतना बड़ा नुकसान टाला जा सकता था। इस हादसे ने नगर की अग्निशमन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और भविष्य में बेहतर इंतजाम की मांग तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!