अमेरिकन आश्रम की तीन बीघा भूमि प्रकरण में नया खुलासा, स्वीकृत नक्शे पर उठे सवाल

हरिद्वार। अमेरिकन आश्रम की तीन बीघा भूमि पर कथित कब्जे के मामले में रोज नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब आश्रम के समीप भूमि पर हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा स्वीकृत किए गए आवासीय नक्शे को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। भाजपा पार्षद आकाश भाटी ने एचआरडीए के सचिव को लिखित शिकायत देकर संबंधित नक्शे की जांच कर उसे तत्काल निरस्त करने तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

पार्षद आकाश भाटी की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया है कि संबंधित स्थल के को-ऑर्डिनेट 29.9824, 78.184759 हैं और वर्तमान में यह भूमि खाली पड़ी हुई है। शिकायत के अनुसार, इस स्थल के संबंध में पूर्व में आवासीय उपयोग के लिए मानचित्र स्वीकृत किया गया है। इसी स्वीकृत नक्शे के आधार पर मॉडल कॉलोनी निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा अमेरिकन आश्रम की करीब तीन बीघा भूमि को समेटने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत में सबसे बड़ा सवाल यह उठाया गया है कि यदि संबंधित स्थल पर कॉलोनी का लेआउट प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत नहीं है, तो फिर बिना स्वीकृत लेआउट के आवासीय मानचित्र किस आधार पर पास किया गया। साथ ही, यदि मौके पर नियमानुसार सड़क एवं अन्य आवश्यक विकास कार्य कराए बिना और विधिवत कॉलोनी का लेआउट स्वीकृत कराए बिना मानचित्र स्वीकृत किया गया है, तो यह गंभीर जांच का विषय है।

आकाश भाटी ने एचआरडीए से मानचित्र संख्या HRDA/NR/1522/2025-26 को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित स्थल के स्वीकृत लेआउट और मानचित्र की नियमानुसार जांच कराने की मांग की है।

शिकायत में मानचित्र स्वीकृत कराने वाले आवेदक के साथ-साथ इस प्रकरण में शामिल संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी उच्चस्तरीय जांच कराने को कहा गया है। पार्षद ने मांग की है कि यदि जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन या किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।

पार्षद ने यह भी कहा कि बिना मौके पर आवश्यक सड़क एवं अन्य मूलभूत विकास कार्य कराए तथा बिना वैध लेआउट स्वीकृति के यदि मानचित्र पास किया गया है तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

आकाश भाटी ने जनहित और प्राधिकरण के नियमों में पारदर्शिता का हवाला देते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, संबंधित नक्शे को निरस्त करने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अमेरिकन आश्रम की भूमि से जुड़े इस संवेदनशील मामले में प्रत्येक स्तर पर तथ्यों की निष्पक्ष जांच होना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!