पंचमी राष्ट्रीय स्वर्णशलाका प्रतियोगिता का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न
दिनांक: 03 अगस्त 2026, सोमवार
“आचार्यकुलम् विश्व का विशिष्ट शिक्षण संस्थान है, जहाँ गुरुवाणी और वेदवाणी से विद्यार्थियों का रूपांतरण किया जाता है।”
— परमपूज्य स्वामी जी
“स्वर्णशलाका प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ अंक अर्जित करने वाले सभी विद्यार्थियों का प्रयास अभिनंदनीय है।”
— परमश्रद्धेय आचार्यश्री
परमपूज्य स्वामी रामदेव जी एवं परमश्रद्धेय आचार्यश्री बालकृष्ण जी द्वारा स्थापित आवासीय विद्यालय आचार्यकुलम् में पंचमी राष्ट्रीय स्वर्णशलाका प्रतियोगिता का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर परमपूज्य स्वामी जी, परमपूज्या साध्वी देवप्रिया जी ‘बड़ी दीदीजी’ तथा पंजाब उच्च न्यायालय के न्यायाधीश श्री अहलूवालिया जी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर विराजमान रहे।
इस पावन अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में पतंजलि के सभी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस वर्ष प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि ₹50 लाख रही, जबकि गत वर्षों को मिलाकर विद्यार्थियों को अब तक लगभग ₹25 करोड़ की पुरस्कार राशि प्रदान की जा चुकी है।
प्रतियोगिता श्रृंखला में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पतंजलि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सर्वाधिक पुरस्कार राशि अर्जित कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। वहीं आचार्यकुलम् की छात्राओं गौरिका एवं भव्या ने प्रथम स्थान तथा संस्कृति ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया और संस्थान का नाम गौरवान्वित किया।
इस भव्य आयोजन में आचार्यकुलम् की उपाध्यक्षा डॉ. ऋतंभरा शास्त्री, प्राचार्या श्रीमती स्वाति मुंशी जी, उप-प्राचार्य श्री तापस कुमार बेरा जी, समन्वयिका श्रीमती दीपा देवी जी, मुख्य छात्रपाल श्री अमित दानी जी सहित पतंजलि योगपीठ के समस्त संन्यासीवृंद, आचार्यगण, शिक्षकगण तथा पतंजलि के सभी शिक्षण संस्थानों के प्रतिभागी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

