हरिद्वार। शिवालिक नगर में विकास कार्यों को मिली नई रफ्तार, सड़कों का हुआ लोकार्पण नगर पालिका परिषद, शिवालिक नगर द्वारा क्षेत्र के समग्र विकास को गति देते हुए वार्ड संख्या 7 स्थित टिहरी विस्थापित कॉलोनी में गली संख्या A-13 एवं A-16 की आंतरिक सड़कों सहित मंदाकिनी विहार और बीना एन्क्लेव की सड़कों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इन विकास कार्यों का विधिवत लोकार्पण नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजीव शर्मा द्वारा किया गया।लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका द्वारा किए गए कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया और खुशी जाहिर की।इस अवसर पर अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा, “नगर के प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है, और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।”उन्होंने आगे बताया कि शिवालिक नगर को सुव्यवस्थित, स्वच्छ और विकसित नगर बनाना नगर पालिका का प्रमुख लक्ष्य है। सड़क निर्माण के साथ-साथ जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, हरित क्षेत्र के विकास और अन्य आधारभूत सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।अध्यक्ष ने कहा, “हमारा संकल्प है कि नगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनहित में निरंतर कार्य करते रहें। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”उन्होंने आश्वासन दिया कि जहां-जहां विकास कार्यों की आवश्यकता है, वहां शीघ्र योजनाएं बनाकर कार्य शुरू किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और सुझावों से विकास कार्यों को और बेहतर बनाया जा सकता है।कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, स्थानीय प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही। सभी ने नगर पालिका परिषद के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे ही जनहितकारी कार्यों की अपेक्षा व्यक्त की।इस अवसर पर सभासद अमरदीप सिंह, मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, पंकज चौहान, देव विख्यात भाटी, प्रमोद डोभाल, अजय मलिक, वेदांत चौहान, गौरव गुर्जर, गजेंद्र सिंह, प्रणय चौरसिया, सुलेचना, कार्तिक, चेतन बिष्ट, विवेक, महिपाल सिंह, पी.सी. यादव, सुभाष, विजय गुप्ता सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।अंत में अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर विकास कार्यों की गति बनाए रखते हुए क्षेत्र को आदर्श नगर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
शिवालिक नगर में विकास कार्यों को मिली नई रफ्तार, सड़कों का हुआ लोकार्पण

