हरिद्वार में बाबासाहेब अंबेडकर का 135वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया

हरिद्वार में बाबासाहेब अंबेडकर का 135वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया
हरिद्वार के शिवालिक नगर, भेल स्थित सामुदायिक केन्द्र में 14 अप्रैल 2026 को डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के 135वें जन्मोत्सव के अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर अनु. जाति/अ.ज. जाति वेलफेयर सोसाइटी (रजि.) द्वारा भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला।
समारोह के मुख्य अतिथि श्री नानक चन्द जी रहे, जबकि अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में अरूणा भारती (पुलिस अधीक्षक, जीआरपी उत्तराखण्ड) ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर.यू. प्रसाद (पूर्व महाप्रबंधक, भेल) ने की। इसके अलावा कई विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे और सभी ने बाबा साहेब के विचारों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की शुरुआत बुद्ध वंदना एवं अतिथि स्वागत से हुई। इसके पश्चात बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने सभी का मन मोह लिया। अतिथियों के संबोधन के बाद प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया और अंत में स्नेहभोज का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर बालेश्वर सिंह (कांग्रेस जिला अध्यक्ष) ने कहा कि बाबा साहेब द्वारा दिया गया शिक्षा, संगठन और संघर्ष का मंत्र आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है और युवाओं को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
श्री सी.पी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष और संविधान निर्माण में उनका योगदान आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे आयोजन युवाओं में जागरूकता बढ़ाने का कार्य करते हैं।
प्रियव्रत (पूर्व ब्लॉक प्रमुख) ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का सपना समाज के अंतिम व्यक्ति को न्याय दिलाना था, जिसे साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
वहीं सामाजिक कार्यकर्ता तीर्थपाल रवि ने कहा कि बाबा साहेब के विचार सामाजिक समरसता और समानता का मार्ग प्रशस्त करते हैं और उनके सिद्धांतों को अपनाकर ही समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव है।
समारोह के आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!