संतों और श्रद्धालुओं ने किया भावपूर्ण स्मरण, गौ सेवा व पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
हरिद्वार, 16 अगस्त। भीमगोड़ा स्थित श्री विश्नोई आश्रम में ब्रह्मलीन गौ ऋषि महंत राजेन्द्रानंद महाराज की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम श्री विश्नोई आश्रम के परमाध्यक्ष महंत स्वामी प्रणवानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित हुआ। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे संत-महात्माओं, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा हजारों श्रद्धालुओं ने ब्रह्मलीन महंत राजेन्द्रानंद महाराज को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए महंत स्वामी प्रणवानंद महाराज ने कहा कि पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत राजेन्द्रानंद महाराज का संपूर्ण जीवन गौ सेवा, गंगा संरक्षण, धार्मिक मूल्यों और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि गुरुदेव द्वारा स्थापित सेवा प्रकल्पों को आगे बढ़ाना ही उनके जीवन का उद्देश्य है। गौ, गंगा, गीता और भगवान जम्भेश्वर की वाणी के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समाज और राष्ट्र स्तर पर निरंतर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ब्रह्मलीन महंत राजेन्द्रानंद महाराज केवल एक संत ही नहीं, बल्कि सेवा, सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण और जीव मात्र के प्रति करुणा का संदेश देने वाले प्रेरणास्रोत थे। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को धर्म और मानव सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।
महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि सरल, सहज और करुणामयी संत के रूप में ब्रह्मलीन महंत राजेन्द्रानंद महाराज ने जीवन पर्यंत सेवा, त्याग और परोपकार को प्राथमिकता दी। उनके विचार और सेवा कार्य सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
महामंडलेश्वर स्वामी रामानुज सरस्वती एवं महंत स्वामी जयानंद महाराज ने कहा कि महंत राजेन्द्रानंद महाराज ने भगवान जम्भेश्वर की वाणी तथा विश्नोई समाज की पर्यावरण संरक्षण की महान परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उनका जीवन धर्म, समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण है।
इस अवसर पर श्रीमहंत विष्णुदास महाराज, महामंडलेश्वर आत्मप्रकाश यति महाराज, श्रीमहंत दुर्गादास, महंत सूरजदास, महंत रघुवीर दास, महंत बिहारीशरण, महंत दिनेश दास, महंत मोहन सिंह, महंत तीर्थ सिंह, स्वामी रविदेव शास्त्री, सुतिक्ष्ण मुनि, महंत देवानंद, महंत श्याम प्रकाश, महंत विनोद महाराज, महंत गुरमीत सिंह, महंत जगजीत सिंह, महंत गुरुमाल सिंह, महंत प्रहलाद दास, महंत प्रेमानंद, बाबा बालगिरि, महंत गोपाल गिरि, कोतवाल कमलमुनि, कोतवाल रमेशानंद सरस्वती, महंत ओमप्रकाश शास्त्री, गजेंद्र गिरि, साध्वी रजनी गिरि, मोहन दास, विवेकानंद, रामेश्वरानंद, रविदास, अखिलेश मुनि, जसराम दास, धर्मानंद और राजेश्वरानंद सहित अनेक संत-महात्माओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में स्वामी जयानंद, स्वामी गोविंदानंद, आचार्य विश्वात्मानंद, स्वामी गोविंद शरणानंद, स्वामी सागरानंद, पौत्र शिष्य आचार्य अमृतानंद, सर्वानन्द, जगदेवानंद, विश्वंभरानन्द, गजानंद एवं मुक्तेश्वरानंद, एडवोकेट दीपक कुमार विश्नोई, शुभम चौधरी, प्रदीप बेनीवाल, संजय बांगड़वा, भानु प्रताप, पवन, प्रमोद गिरि, शिवम गिरि, अश्वनी विश्नोई और विनीत विश्नोई सहित राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली तथा अन्य प्रदेशों से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं ने ब्रह्मलीन महंत राजेन्द्रानंद महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को नमन किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में गौ सेवा, गंगा संरक्षण, पर्यावरण रक्षा, धार्मिक मूल्यों के संरक्षण और मानव सेवा को आगे बढ़ाने का संदेश प्रमुख रूप से दिया गया।






