श्री पंचदशनाम आवाहन अखाड़े में थानापति पद का कार्यभार हस्तांतरण संपन्न

हरिद्वार। श्री पंचदशनाम आवाहन अखाड़े की हरिद्वार शाखा में धार्मिक परंपराओं एवं अखाड़े की निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुसार थानापति पद के कार्यभार हस्तांतरण (चार्जनामा) का कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ। 16 अगस्त 2026 को अखाड़ा परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 13 मढ़ी के थानापति महंत किशन गिरि जी ने 18 माह की सेवा अवधि पूर्ण होने के उपरांत थानापति पद का कार्यभार 16 मढ़ी के महंत किशनपुरी जी (चेला सत्ययोगी पुरी) को सौंपा।

अखाड़े की परंपरा के अनुसार प्रत्येक मढ़ी के थानापति को 18-18 माह तक सेवा का अवसर प्रदान किया जाता है। इसी क्रम में महंत किशनपुरी जी आगामी 18 माह तक थानापति के रूप में अखाड़े की व्यवस्थाओं एवं दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

कार्यभार हस्तांतरण के अवसर पर पूर्व थानापति द्वारा सौंपे गए सामान तथा नवनियुक्त थानापति द्वारा बढ़ाए गए सामान का विधिवत मिलान कर विवरण तैयार किया गया। अखाड़े के वरिष्ठ संत-महंतों की मौजूदगी में चार्जनामा की प्रक्रिया पूर्ण कर महंत किशनपुरी जी को दायित्व सौंपा गया। उपस्थित संतों ने उनके सफल, निर्विघ्न एवं मंगलमय कार्यकाल के लिए भगवान श्री सिद्ध गणेश जी से प्रार्थना की।

इस अवसर पर आयोजित बैठक में महंत गोपाल गिरि जी, श्री 1008 महंत … गिरि जी, महंत … गिरि जी, महंत उद्धव गिरि जी, महंत चंद्र गिरि जी, कोतवाल रघुवीर गिरि जी, महंत राजू गिरि जी, कार्तिक गिरि जी, महामंडलेश्वर सत्यनारायण गिरि जी, महंत शेरू गिरि जी, आनंद गिरि जी, महंत … पुरी जी, गोविंद पुरी जी, महंत आनंद गिरि जी, नंदन गिरि जी एवं … पुरी जी सहित अनेक संत-महंत उपस्थित रहे।

संत-महंतों ने कहा कि अखाड़े की परंपराओं, मर्यादाओं एवं व्यवस्थाओं का निर्वहन सभी संतों के सामूहिक सहयोग और समन्वय से होता है। उन्होंने नवनियुक्त थानापति महंत किशनपुरी जी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अखाड़े की धार्मिक एवं संगठनात्मक व्यवस्थाओं को पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान अखाड़े की परंपराओं और व्यवस्थाओं के निरंतर निर्वहन का संकल्प भी दोहराया गया तथा नवनियुक्त थानापति के कार्यकाल के लिए संत समाज ने मंगलकामनाएं प्रकट कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!