हरिद्वार। भूपतवाला स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी गद्दाधर हनुमान मंदिर एवं श्री लक्ष्मी निवास आश्रम, मुखिया गली में आध्यात्मिक आस्था, गुरु भक्ति और प्रभु प्रेम की दिव्य परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है। मंदिर के महंत श्री गणेश दास जी महाराज ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पावन धाम केवल पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं, बल्कि संत-महात्माओं की तपस्या, त्याग, साधना और गुरु कृपा से सिंचित एक दिव्य आध्यात्मिक तपोस्थली है।महंत गणेश दास जी महाराज ने कहा कि दादा गुरु श्री स्वामी महंत लक्ष्मण दास जी महाराज, परम पूज्य गुरुदेव महामंडलेश्वर साकेतवासी जानकी दास जी महाराज एवं पूज्य गुरु माता शकुंतला देवी जी महाराज की पावन कृपा इस धाम पर सदैव बनी हुई है। इन महान गुरुजनों के तप, त्याग और आशीर्वाद ने इस स्थान को विशेष आध्यात्मिक पहचान एवं गरिमा प्रदान की है।उन्होंने भगवान पंचमुखी गद्दाधर हनुमान जी की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि बजरंगबली अपने भक्तों के संकटों का निवारण कर उन्हें साहस, शक्ति, भक्ति और सद्बुद्धि प्रदान करते हैं। जो श्रद्धालु सच्चे मन और अटूट विश्वास के साथ प्रभु के चरणों में शीश नवाता है, वह यहां से नई आशा, सकारात्मक ऊर्जा और प्रभु का आशीर्वाद लेकर लौटता है। हनुमान जी की शरण में आने वाले भक्तों को सदैव आत्मबल और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।दीपावली पर्व की महत्ता बताते हुए महाराज श्री ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का त्योहार नहीं, बल्कि अपने अंतर्मन से अज्ञान, अहंकार और नकारात्मकता को दूर कर ज्ञान, प्रेम एवं सद्भाव का प्रकाश फैलाने का पावन संदेश देती है। भगवान श्रीराम के चौदह वर्ष के वनवास के पश्चात अयोध्या आगमन की खुशी में मनाया जाने वाला यह पर्व हमें सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा करने की लीला हमें प्रकृति, गौमाता और अन्न के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश देती है। अन्नकूट महोत्सव भगवान के प्रति समर्पण, सेवा और सामूहिक सद्भाव का प्रतीक है। इस अवसर पर भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाकर समस्त संसार के कल्याण की कामना की जाती है।महाराज श्री ने कहा कि धार्मिक पर्वों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हम उनके आध्यात्मिक संदेशों को अपने जीवन में अपनाएं। जरूरतमंदों की सहायता करें, सभी के प्रति प्रेम और सद्भाव रखें तथा अपने गुरुजनों एवं भगवान के चरणों में अटूट श्रद्धा बनाए रखें।अंत में महंत गणेश दास जी महाराज ने समस्त देशवासियों एवं श्रद्धालु भक्तों के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की मंगल कामना करते हुए दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
पंचमुखी हनुमान जी की कृपा से भक्तों के जीवन में आती है सुख-समृद्धि : महंत गणेश दास महाराज






