हरिद्वार। भूपतवाला स्थित शिवयोगी धाम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कथा व्यास ने श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का मनोहारी एवं भावपूर्ण प्रसंग सुनाया। श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग सुनते ही कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ भजन-कीर्तन करते हुए जमकर नृत्य किया। भक्त झूमते-गाते हुए श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन नजर आए। पूरा कथा परिसर “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
पितृपक्ष के पावन अवसर पर आयोजित इस श्रीमद्भागवत कथा में मुंबई, महाराष्ट्र, गुजरात, जयपुर सहित देश के विभिन्न शहरों से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे हैं। श्रद्धालु प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक ज्ञान एवं भक्ति की अमृतधारा का रसपान कर रहे हैं।
कथा व्यास ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके अवतार के उद्देश्य का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान कथा स्थल पर भक्तिमय माहौल देर तक बना रहा और श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में भाव-विभोर होकर झूमते रहे।






