शिवालिकनगर के विभिन्न वार्डों में होगा सड़क चौड़ीकरण, डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण, हजारों परिवारों को मिलेगा लाभ।
हरिद्वार, 26 सितंबर 2026। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रानीपुर विधायक आदेश चौहान के प्रस्ताव पर विधानसभा क्षेत्र में चार महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों के लिए कुल 3.41 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत कार्यों के तहत शिवालिकनगर नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़कों का चौड़ीकरण, डामरीकरण, पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।स्वीकृत कार्यों में वार्ड संख्या 02 में 99.42 लाख रुपये की लागत से लगभग 4.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य शामिल है। इसके अलावा शिवालिकनगर शिव मंदिर से चिन्मय डिग्री कॉलेज की ओर जाने वाले लगभग एक किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण के लिए 45.26 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।इसी क्रम में वार्ड संख्या 03 में 97.48 लाख रुपये की लागत से लगभग 2 किलोमीटर सड़क का डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण तथा वार्ड संख्या 04 में 99.11 लाख रुपये की लागत से लगभग 5 किलोमीटर सड़क का डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण किया जाएगा।सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिलने पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को लगातार धरातल पर उतार रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है।विधायक ने कहा कि इन सड़कों के चौड़ीकरण, डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के हजारों परिवारों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। सड़कें मजबूत और व्यवस्थित होने से स्थानीय निवासियों के साथ ही विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी है। क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।जारीकर्ता:अतुल वशिष्ठमीडिया प्रभारी, विधायक रानीपुर






