30 सितंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, 12 अक्टूबर को मतदान और 14 अक्टूबर को होगी मतगणना
हरिद्वार, 26 सितंबर 2026। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड, देहरादून की अधिसूचना के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद हरिद्वार में त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 के लिए रिक्त पदों पर निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया है। जनपद में कुल 17 रिक्त पदों पर उप निर्वाचन कराया जाएगा। इनमें 14 सदस्य ग्राम पंचायत तथा 3 ग्राम प्रधान के पद शामिल हैं।
यह उप निर्वाचन मृत्यु, त्यागपत्र, नामांकन न होने, न्यायालय के आदेश सहित विभिन्न कारणों से रिक्त हुए पंचायत पदों के लिए कराया जा रहा है। निर्वाचन प्रक्रिया उत्तराखंड पंचायती राज अधिनियम, 2016 (यथासंशोधित), पंचायत राज व्यवस्था तथा संबंधित निर्वाचन नियमावली के प्रावधानों के अनुसार संपन्न होगी।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी, चुनाव चिन्ह आवंटन, मतदान, मतगणना एवं परिणाम घोषणा की प्रक्रिया संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम
- नाम निर्देशन पत्र दाखिल: 30 सितंबर एवं 1 अक्टूबर 2026, प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक
- नाम निर्देशन पत्रों की जांच: 3 अक्टूबर 2026, प्रातः 10 बजे से कार्य समाप्ति तक
- नाम वापसी: 4 अक्टूबर 2026, प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक
- चुनाव चिन्ह आवंटन: 5 अक्टूबर 2026, प्रातः 10 बजे से कार्य समाप्ति तक
- मतदान: 12 अक्टूबर 2026, प्रातः 8 बजे से अपराह्न 5 बजे तक
- मतगणना: 14 अक्टूबर 2026, प्रातः 8 बजे से कार्य समाप्ति तक
इन विकासखंडों में होंगे उप चुनाव
बहादराबाद: सदस्य ग्राम पंचायत के 2 पद
रुड़की: सदस्य ग्राम पंचायत का 1 पद
भगवानपुर: सदस्य ग्राम पंचायत के 5 पद एवं ग्राम प्रधान का 1 पद
नारसन: सदस्य ग्राम पंचायत के 3 पद
लक्सर: सदस्य ग्राम पंचायत के 3 पद एवं ग्राम प्रधान के 2 पद
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों एवं विकासखंड अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी आवश्यक निर्वाचन व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश भी दिए हैं।






