17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 18 अक्टूबर तक हरिद्वार में होंगे जनसेवा और जागरूकता के विविध कार्यक्रम

17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 18 अक्टूबर तक हरिद्वार में होंगे जनसेवा और जागरूकता के विविध कार्यक्रम

जनभागीदारी से सेवा, सुशासन और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी

हरिद्वार, 15 सितंबर। उत्तराखंड शासन के निर्देशानुसार जनपद हरिद्वार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ 17 सितंबर से किया जाएगा। यह अभियान 18 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान जनसेवा, जनजागरूकता, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के सफल एवं प्रभावी संचालन को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का मुख्य उद्देश्य विकसित भारत-2047 के संकल्प, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सेवा और सुशासन की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से जनहित से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के तहत ‘सेवा दीप’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘सेवा कार्य’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा हेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग–राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’, ‘सुशासन सेवा संवाद’ तथा ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, जनसंवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और जनसेवा से जुड़े प्रयासों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही नागरिकों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं बेहतर कार्ययोजना के साथ अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही सेवा, सुशासन और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को प्रभावी रूप से धरातल तक पहुंचाया जा सकता है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला प्रोवेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!