ऋषिकुल एसोसिएशन की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय, वरिष्ठ सदस्यों को मिलेगा विशेष सम्मान

50 वर्ष पूर्ण करने वाले सदस्यों को स्वर्ण जयंती और 25 वर्ष पूरे करने वालों को रजत जयंती सम्मान देने पर बनी सहमति

हरिद्वार। ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष प्रो. बी.के. अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में एसोसिएशन के संगठनात्मक विस्तार, सदस्यों के सम्मान, आगामी कार्यक्रमों, सामाजिक गतिविधियों तथा संगठन को आर्थिक रूप से सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्ष 1976 में स्नातक हुए सदस्यों के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उन्हें ‘स्वर्ण जयंती सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार एसोसिएशन से जुड़े ऐसे स्नातक एवं स्नातकोत्तर सदस्यों, जिन्होंने संगठन से जुड़ाव के 25 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं, उन्हें ‘रजत जयंती सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही संगठन के वरिष्ठ सदस्यों तथा संस्था के विकास और विस्तार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सदस्यों को भी विशेष सम्मान प्रदान करने पर सहमति बनी।

अध्यक्ष की ओर से यह प्रस्ताव भी रखा गया कि एसीपी की तर्ज पर 8 वर्ष, 16 वर्ष एवं 25 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण करने वाले पात्र सदस्यों को उनके सेवाकाल एवं योगदान के अनुरूप विशेष सम्मान और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएं। इसके लिए लगभग 25 सदस्यों की प्रारंभिक सूची तैयार कर आगामी सम्मान समारोह में उन्हें शामिल किए जाने पर विचार किया गया।

संगठन को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

बैठक में एसोसिएशन की गतिविधियों को आर्थिक रूप से मजबूत और दीर्घकालीन बनाने के उद्देश्य से आजीवन सदस्यता बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत प्रत्येक कार्यकारिणी सदस्य को कम से कम 10 नए आजीवन सदस्य बनाने के लिए प्रेरित करने पर सहमति बनी।

इसके अलावा सुविधा-संपन्न सदस्यों से प्रति व्यक्ति एक लाख रुपये का स्वैच्छिक सहयोग प्राप्त कर लगभग 100 सहयोगदाताओं के माध्यम से एक मजबूत निधि तैयार करने का सुझाव रखा गया। इस निधि से प्राप्त ब्याज का उपयोग प्रतिवर्ष एसोसिएशन के सम्मेलन एवं अन्य निर्धारित कार्यक्रमों के आयोजन में किया जा सकेगा। इच्छुक सहयोगदाताओं की सूची तैयार करने और स्वैच्छिक सहयोग प्राप्त करने पर भी सहमति बनी।

ऋषिकुल के पूर्व छात्रों का तैयार होगा व्यापक नेटवर्क

बैठक में प्रो. सुनील कुमार जोशी ने ऋषिकुल परिसर में वर्तमान में कार्यरत ऋषिकुल के स्नातक एवं स्नातकोत्तर सदस्यों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा। वहीं डॉ. नरेश कुमार चौधरी ने रेडक्रॉस की तर्ज पर एसोसिएशन के सदस्यों की विभिन्न श्रेणियां निर्धारित किए जाने का सुझाव दिया, जिससे सदस्यों की विशेषज्ञता, सेवाकाल एवं संगठन में योगदान के अनुरूप उन्हें व्यवस्थित रूप से जोड़ा जा सके।

एसोसिएशन के सचिव डॉ. वेद भूषण शर्मा ने वरिष्ठ एवं विशिष्ट सदस्यों को सम्मानित किए जाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने पूर्व जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आशुतोष पंत द्वारा परिसर में कराए गए पौधरोपण के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही जिला समन्वय समिति के गठन का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।

विश्वविद्यालय एवं अधिकारी स्तर पर होगा समन्वय

बैठक में आगामी कार्यक्रम के आयोजन, आमंत्रित अतिथियों तथा कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां एवं समन्वय करने का निर्णय लिया गया। साथ ही विश्वविद्यालय एवं अधिकारी स्तर पर आवश्यक समन्वय स्थापित कर एसोसिएशन से जुड़े विभिन्न विषयों पर वार्ता किए जाने पर भी सहमति बनी।

प्रचार मंत्री डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने एसोसिएशन की वर्तमान प्रगति एवं संगठनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ सदस्यों के अनुभव और युवा सदस्यों की ऊर्जा के समन्वय से एसोसिएशन को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाया जा सकता है।

बैठक में प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विस्तार से विचार-विमर्श किया तथा आवश्यक संशोधनों के बाद प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।

बैठक के अंत में पदेन सदस्य डॉ. उदय नारायण पांडेय ने सभी उपस्थित सदस्यों का रसगुल्ले से मुंह मीठा कराया। इसके साथ ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में बैठक का समापन हुआ।

ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

बैठक में डॉ. रमेशचन्द्र गोयल, संरक्षक; डॉ. देवेन्द्र शर्मा चमोली, संरक्षक; डॉ. विनीत कुमार अग्निहोत्री, अध्यक्ष; प्रो. सुशील कुमार जोशी, संरक्षक; डॉ. टी.के. गर्ग; डॉ. अशोक पालीवाल; डॉ. प्रेम प्रकाश सतलेवाल; डॉ. नरेश कुमार चौधरी; डॉ. उदय नारायण पांडेय; डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय, प्रचार मंत्री; डॉ. पारुल शर्मा; डॉ. मनीषा दीक्षित; डॉ. बीरेंद्र नाथ; डॉ. वेद भूषण शर्मा; डॉ. यादवेन्द्र यादव तथा डॉ. गोपाल कृष्ण शर्मा सहित कार्यकारिणी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!