श्रावण माह में जिला कारागार हरिद्वार में गूंजा भक्ति का स्वर, श्री मां गंगा अमृत कथा में संतों ने दिया दिव्य आशीर्वाद
हरिद्वार। पावन श्रावण माह के शुभ अवसर पर जिला कारागार रोशनाबाद (हरिद्वार) में सप्त दिवसीय श्री मां गंगा जी की पावन अमृत कथा का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन आप एवं हम समस्त भक्तजन तथा श्री मनोज कुमार आर्य (वरिष्ठ अधीक्षक, जिला कारागार हरिद्वार) के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस दौरान परम श्रद्धेय संत श्री संजय कृष्ण जी महाराज द्वारा श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराया गया। उनके मधुर प्रवचनों ने सभी को भक्ति, सदाचार और जीवन के मूल्यों की ओर प्रेरित किया।
कथा के सातवें दिन कार्यक्रम का विशेष महत्व रहा, जब संत-महात्माओं ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए आयोजन की शोभा बढ़ाई और सभी को अपना आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर अवधूत मंडल हरिद्वार से पधारे महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद जी महाराज तथा मां पीतांबरा देवी के उपासक स्वामी संतोष नंदन जी महाराज ने कारागार पहुंचकर कथा में सहभागिता की।
संतों ने अपने प्रवचनों में बताया कि मनुष्य का जीवन संतों के मार्गदर्शन एवं आशीर्वचनों से सतमार्ग की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने सही कर्म, सहनशीलता और संयम के महत्व को विशेष रूप से समझाते हुए कहा कि इन गुणों से ही जीवन को सही दिशा मिलती है।
यह आयोजन कारागार परिसर में एक सकारात्मक, शांत एवं आध्यात्मिक वातावरण बनाने में अत्यंत सफल रहा, जिससे उपस्थित सभी लोगों को मानसिक शांति एवं नई प्रेरणा प्राप्त हुई।
इस पावन कार्यक्रम का निवेदन श्री अखंड परशुराम अखाड़ा, हरिद्वार द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन पंडित अधीर कौशिक जी (राष्ट्रीय अध्यक्ष) तथा श्री मनोज कुमार आर्य (वरिष्ठ अधीक्षक, जिला कारागार हरिद्वार) का सराहनीय योगदान रहा।

