हरिद्वार में श्रद्धांजलि सभा: ब्रह्मलीन महंत देवानंद वन को संत समाज ने दी भावभीनी विदाई
हरिद्वार में संत समाज ने राजस्थान के निरंजनी अखाड़े के ब्रह्मलीन महंत देवानंद वन की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी पर राजस्थान पुलिस का आभार व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मनसा देवी मंदिर परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में संत-महंत उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि युवा संत महंत देवानंद वन की निर्मम हत्या से पूरे संत समाज में गहरा शोक और आक्रोश था। उन्होंने राजस्थान पुलिस, विशेष रूप से कोटा के एसएसपी और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने तत्परता से कार्रवाई कर हत्यारों को गिरफ्तार किया, जो सराहनीय है।
उन्होंने महंत देवानंद वन को त्याग और तपस्या की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि वे एक विद्वान संत थे और उनके निधन से अखाड़े को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि मां गंगा उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने सरकार से संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानून बनाने की भी मांग की।
इस अवसर पर निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, भारत माता मंदिर के महंत महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी और महंत राज गिरी ने कहा कि महंत देवानंद वन का सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार में योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने सभी से उनके दिखाए मार्ग पर चलकर मानव कल्याण में योगदान देने का आह्वान किया।
श्रद्धांजलि सभा में महामंडलेश्वर स्वामी वेदमूर्ति पुरी, स्वामी अनंतानंद गिरी, स्वामी रामानुज सरस्वती, स्वामी आदियोगी पुरी, स्वामी सहजानंद पुरी सहित अनेक संत-महंत और मंदिर ट्रस्ट से जुड़े अनिल शर्मा, सीमा शर्मा एवं प्रबंधक महेश शर्मा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हरिद्वार में श्रद्धांजलि सभा: ब्रह्मलीन महंत देवानंद वन को संत समाज ने दी भावभीनी विदाई

