संत बाबा निर्मल दास जी के नेतृत्व में भव्य दमड़ी शोभा यात्रा, हर की पौड़ी तक उमड़ा आस्था का सैलाब

संत बाबा निर्मल दास जी के नेतृत्व में भव्य दमड़ी शोभा यात्रा, हर की पौड़ी तक उमड़ा आस्था का सैलाब
हरिद्वार। संत बाबा निर्मल दास जी के नेतृत्व में निकली भव्य दमड़ी शोभा यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। यह शोभा यात्रा जटवाड़ा पुल से प्रारंभ होकर संत रविदास आश्रम से होती हुई हर की पौड़ी तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा।
यात्रा के दौरान भक्तजन भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़े और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया गया। विभिन्न झांकियों और धार्मिक संदेशों से सजी यह यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। दूर-दूर से विभिन्न शहरों से आए श्रद्धालुओं ने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया और गुरु रविदास जी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
दो दिवसीय आयोजन में सेवा और एकता की मिसाल, चिकित्सा शिविर और लंगर का हुआ भव्य आयोजन
दमड़ी शोभा यात्रा के अवसर पर दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सेवा भाव की अनूठी मिसाल देखने को मिली। जगह-जगह लगाए गए निःशुल्क चिकित्सा शिविरों में 45 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं और जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयों का वितरण किया गया।
इसके साथ ही लगातार दो दिनों तक लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान सभी वर्गों और समुदायों के लोगों ने मिलकर सेवा की और एकता का परिचय दिया।
आयोजन समिति ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य समाज में भाईचारे, सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!