रुड़की में 51वां भव्य श्याम संकीर्तन महोत्सव, श्रद्धा और भक्ति से गूंजा वातावरण

रुड़की में 51वां भव्य श्याम संकीर्तन महोत्सव, श्रद्धा और भक्ति से गूंजा वातावरण
रुड़की। शहर में श्रद्धा, संगीत और भक्ति का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब श्री श्याम मित्र मंडल समिति (रजि.) रुड़की द्वारा दुर्गा चौक मंदिर में 51वां भव्य संकीर्तन महोत्सव बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा श्याम की ज्योति प्रज्वलित कर किया गया, जिससे पूरे वातावरण में भक्तिरस की सुगंध फैल गई।
देर रात तक चले इस भव्य आयोजन में श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते नजर आए और “हारे के सहारे” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। भक्तों ने भाव-विभोर होकर पूजा-अर्चना की और बाबा श्याम से सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में पूर्व मेयर गौरव गोयल की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया, जिनका समिति द्वारा पटका पहनाकर सम्मान किया गया।
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु, कलाकारों ने बांधा समां
महोत्सव के दौरान भक्ति का रंग उस समय और गहरा हो गया जब लुधियाना के प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल के शिष्य भजन सम्राट कुमार गौरव और रुड़की के लोकप्रिय गायक दिनेश बजरंगी ने अपने सुरों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे।
मंडल अध्यक्ष राहुल बंसल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अंकुर गोयल, पंकज गुप्ता, प्रेमचंद अग्रवाल, योगेश गोयल, नितिन गोयल, सचिन बंसल, शुभम गोयल सहित समिति के सभी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी मौजूद रहे। अंत में सभी ने बाबा से प्रार्थना की कि उनकी कृपा पूरे मंडल और शहर पर बनी रहे और भक्ति का यह कारवां निरंतर आगे बढ़ता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!