पार्षद आकाश भाटी ने एचआरडीए उपाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
अमेरिकन आश्रम की संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण की उच्चस्तरीय जांच की मांग
हरिद्वार, 19 अगस्त। वार्ड-1 सप्तऋषि के पार्षद आकाश भाटी ने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के उपाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर भूपतवाला स्थित अमेरिकन आश्रम स्वामी देवानंद ट्रस्ट की संपत्ति को लेकर सामने आ रही शिकायतों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पार्षद आकाश भाटी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर शिकायतें सामने आ रही हैं कि ट्रस्ट की भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा, बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण, दुकानों का निर्माण तथा अवैध कॉलोनी की प्लॉटिंग जैसी गतिविधियां की जा रही हैं। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों से तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराने और राजस्व एवं अन्य अभिलेखों की जांच करने की मांग की।
ज्ञापन में अमेरिकन आश्रम से लगी लगभग तीन बीघा भूमि पर कथित कब्जे और चारदीवारी किए जाने की शिकायत का भी उल्लेख किया गया है। पार्षद ने भूमि के स्वामित्व, सीमांकन तथा राजस्व अभिलेखों का मिलान कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
आकाश भाटी ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार का निर्माण बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत पाया जाता है तो नियमानुसार सीलिंग और ध्वस्तीकरण सहित कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही कथित अवैध कॉलोनी और प्लॉटिंग की जांच कर आवश्यकतानुसार निर्माण एवं विक्रय गतिविधियों पर रोक लगाई जाए।
उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान अवैध कब्जे, धोखाधड़ी, कूटरचना, अनधिकृत हस्तांतरण अथवा किसी अन्य आपराधिक कृत्य के प्रमाण सामने आते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जानी चाहिए।
पार्षद आकाश भाटी ने कहा कि यह मामला केवल भूमि विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व से जुड़ी संपत्ति की सुरक्षा का भी विषय है। समय रहते जांच और कार्रवाई नहीं होने पर भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को नियमों का उल्लंघन कर धार्मिक ट्रस्ट की संपत्ति पर कब्जा करने अथवा अवैध निर्माण करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण में राजस्व विभाग, हरिद्वार विकास प्राधिकरण और संबंधित अन्य विभागों के अभिलेखों का मिलान कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में स्थल का तत्काल निरीक्षण, भूमि का सीमांकन और निर्माणों की वैधता की जांच कराने के साथ धार्मिक ट्रस्ट की संपत्ति को सुरक्षित करने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने वालों में मंडल अध्यक्ष शिवकुमार सैनी, एडवोकेट अंकित कुमार, धर्मशाला प्रबंधक समिति के महामंत्री मनोज बिष्ट सहित कई लोग शामिल रहे।






