हरिद्वार, 19 अगस्त। श्री दक्षिण काली मंदिर में निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी की विशेष शिव साधना अनवरत रूप से जारी है। साधना में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान शिव की आराधना कर रहे हैं।
बुधवार को निषाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व सांसद प्रवीण निषाद ने श्री दक्षिण काली मंदिर पहुंचकर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी के सानिध्य में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर स्वामी कैलाशानंद गिरी ने कहा कि भगवान शिव एवं मां श्री दक्षिण काली की कृपा से सभी का कल्याण होगा। उन्होंने कहा कि सावन मास में भगवान शिव की आराधना और साधना कभी निष्फल नहीं जाती। श्रद्धालु जिस मनोकामना के साथ भगवान शिव की उपासना करता है, भोलेनाथ उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण करते हैं।
पूर्व सांसद प्रवीण निषाद ने कहा कि आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी विद्वान संत होने के साथ-साथ परम शिवभक्त हैं। उनके सानिध्य में भगवान शिव का रुद्राभिषेक करने का अवसर प्राप्त होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
स्वामी कैलाशानंद गिरी के शिष्य स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि श्रावण पूर्णिमा तक चलने वाली गुरुदेव की विशेष शिव साधना में कई गणमान्य लोग शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
इस अवसर पर स्वामी बालमुकुंदानंद ब्रह्मचारी, स्वामी कृष्णानंद ब्रह्मचारी सहित अनेक संत-महात्मा और श्रद्धालु मौजूद रहे।






