हरिद्वार। कबीर आश्रम में आबू रोड, राजस्थान से आए सुमन अग्रवाल एवं समस्त अग्रवाल परिवार के तत्वावधान में पितृपक्ष के पावन अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भागवत कथा का श्रवण किया और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।
कथा व्यास आचार्य राघव जी महाराज, ब्रजधाम ने श्रीमद्भागवत कथा की महिमा का सुंदर एवं भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भागवत श्रवण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कथा के दौरान धुंधकारी प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को सांसारिक मोह-माया से ऊपर उठाकर सत्य, भक्ति और सद्मार्ग की ओर प्रेरित करती है।
पितृपक्ष के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजक परिवार ने कहा कि पितरों की असीम कृपा और आशीर्वाद से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। पितृपक्ष में भागवत कथा का श्रवण एवं आयोजन पितरों के प्रति श्रद्धा और सनातन परंपराओं के प्रति आस्था को प्रकट करता है।
कथा के दौरान भक्ति और आध्यात्मिकता से ओतप्रोत वातावरण बना रहा। कथा व्यास द्वारा भागवत महिमा और धुंधकारी प्रसंग के भावपूर्ण वर्णन पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। भजनों एवं कथा प्रसंगों के दौरान श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
श्रीमद्भागवत कथा के प्रथम दिवस हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर कथा का रसपान किया। पूरे कबीर आश्रम परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण दिखाई दिया। आयोजक परिवार की ओर से श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया गया।






