रक्तदान से बचाई जा सकती है किसी अनजान व्यक्ति की जिंदगी : श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज
हरिद्वार। देशरक्षक तिराहा स्थित आर्यवृत हॉस्पिटल में आर्यवृत ब्लड सेंटर के तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान और पुनीत कार्य है। स्वेच्छा से किया गया रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, रानीपुर विधायक आदेश चौहान एवं मेयर किरण जैसल ने भी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
सीएमओ डा. आरके सिंह ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है। बल्कि नियमित अंतराल पर रक्तदान करने से शरीर में नए रक्त का संचार होता है। उन्होंने कहा कि लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के चलते रक्तदान को लेकर समाज में प्रचलित भ्रांतियां काफी हद तक दूर हुई हैं और अब बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आ रहे हैं।
डा. अजय मगन ने कहा कि आर्यवृत हॉस्पिटल में चिकित्सा सेवाओं के साथ ब्लड सेंटर की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों एवं उनके तीमारदारों को रक्त की आवश्यकता पड़ने पर इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। अस्पताल में ही रक्त की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
अस्पताल संचालक डा. अखिलेश ने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया और रक्तदान शिविर में सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान डा. विशाल गर्ग, डा. अतुल मगन, अमित वालिया सहित अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






