शहीदों के बलिदान को देश कभी भुला नहीं सकता : राकेश वालिया
हरिद्वार, 16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रेस क्लब हरिद्वार के पत्रकारों ने संतों के सानिध्य में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर संतों एवं पत्रकारों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश वालिया ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को आजादी लंबी लड़ाई और असंख्य बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है। देश की स्वतंत्रता के लिए अनगिनत वीरों ने अपने प्राण न्योछावर किए। उनके बलिदान को देश कभी भुला नहीं सकता। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने में अपना योगदान दे।
क्लब के महामंत्री अनिल बिष्ट ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के बलिदान को सदैव याद रखना चाहिए। उन्होंने सभी से एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करने और देश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरी महाराज एवं महंत गोविंद दास महाराज ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे देश के असंख्य वीरों का त्याग और बलिदान है। उन्होंने कहा कि बलिदानों से प्राप्त आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक देशवासी का दायित्व है।
स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं उन्नति की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान राकेश वर्मा, सुमित वर्मा, मोहन राजा, मुमताज आलम, मनोज कश्यप, मोहम्मद नदीम, रोहित वर्मा, गणेश भट्ट, अशोक पांडेय, मुस्कान राजपूत, नदीम सलमानी, त्रिवेश जैमिनी, फुरकान अंसारी, नवनीत शर्मा, सुरेश, रूचि ट्रोलिया, सचिन गुप्ता सहित जिला प्रेस क्लब के अनेक पत्रकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।






