राष्ट्रीय व्यापार मंडल (रजि.) एवं डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ज्वालापुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को किया सम्मानित
हरिद्वार। कांवड़ मेला 2026 सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर राष्ट्रीय व्यापार मंडल (रजि.) एवं डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ज्वालापुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ज्वालापुर कोतवाली के एसएसआई हर्ष अरोरा, रेल चौकी प्रभारी समीप पाण्डेय तथा चौक बाजार चौकी प्रभारी देवेंद्र पाल को सम्मानित किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान भारी भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत रखने तथा कांवड़ियों की सहायता में ज्वालापुर पुलिस ने दिन-रात पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरविंदर सिंह एवं सुरेंद्र भटेजा ने कहा कि पुलिस के समर्पण, बेहतर प्रबंधन और सक्रियता के कारण कांवड़ मेला शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सका। उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ-साथ स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं का भी आभार व्यक्त किया।
पदाधिकारियों ने कहा कि जनसहयोग और पुलिस प्रशासन के आपसी समन्वय से ही करोड़ों श्रद्धालुओं की इस विशाल धार्मिक यात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सका। उन्होंने कांवड़ मेले के दौरान उत्कृष्ट ड्यूटी निभाने वाले सभी पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर व्यापार मंडल एवं डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।






