कांवड़ मेला 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में, 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
हरिद्वार, 23 जुलाई 2026।
आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुव्यवस्थित, सुगम एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां 25 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देशन में सभी विभाग तेजी से कार्य कर रहे हैं और तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
कांवड़ पटरी मार्ग और पार्किंग स्थलों पर सुविधाएं विकसित करने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी महेश बिश्नोई और अभियंता संजय कुमार ने बताया कि पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान का कार्य पूरा कर लिया गया है तथा स्थाई और अस्थाई शौचालयों की मरम्मत भी पूर्ण हो चुकी है। शौचालयों में पानी की व्यवस्था हैंडपंप और समरसेबल के माध्यम से की जाएगी, जबकि विद्युत कनेक्शन जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे।
सिंचाई विभाग द्वारा पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान के साथ छह प्रमुख पार्किंग स्थलों—लालजीवाला, गौरीशंकर, पंतद्वीप, गड्ढा और चंडी घाट—का समतलीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है। शिवभक्तों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न घाटों पर रेलिंग और सुरक्षा चैन भी लगाए गए हैं तथा साफ-सफाई और काई हटाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा नहर किनारे खुले स्थानों पर सुरक्षा दीवार का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। वन विभाग द्वारा कांवड़ मार्ग, शंकराचार्य चौक, ललतारौ पुल और सर्वानंद घाट क्षेत्र में सीसीटीवी के लिए बाधा बन रहे पेड़ों की छंटाई का कार्य जारी है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 334ए के तहत जगजीतपुर मार्ग का डामरीकरण पूरा हो चुका है और धनपुरा क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ी कटान का कार्य तेजी से चल रहा है।
इसी क्रम में नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में पंतद्वीप पार्किंग और घाट क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिसमें 15 से अधिक रेहड़ी, ठेली और खोखे हटाए गए। इस अभियान में नगर निगम, पुलिस और सिंचाई विभाग की टीम शामिल रही।

