नारसन विकासखंड में सेवा पखवाड़ा शिविर आयोजित, 380 लोगों ने ली योजनाओं की जानकारी
हरिद्वार, 23 जुलाई 2026।
राज्य सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत विकासखंड मुख्यालय नारसन सभागार में सेवा पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री चौधरी अजित सिंह, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सुशील त्यागी, प्रदेश महामंत्री किसान मोर्चा देवी सिंह राणा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कविन्द्र सिंह, दिनेश कौशिक, मंडल अध्यक्ष मनोज, शोभित गुप्ता, राजीव राणा, पवन तोमर, सतेन्द्र, कनिष्ठ प्रमुख प्रतिनिधि अरविंद राठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर में कुल 380 क्षेत्रवासियों ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 40 आवेदन एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 35 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेज दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री चौधरी अजित सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
वहीं, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने बताया कि शिविर में आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया और नए आवेदनों का पंजीकरण भी किया गया।
उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि गरीब कल्याण और पारदर्शी सुशासन सरकार की प्राथमिकता है। सेवा पखवाड़ा के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी पवन सिंह नेगी सहित विभिन्न ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

