पतंजलि क्षेत्र में जलभराव से राहत के लिए बनेगी स्थायी योजना, अधिकारियों को निर्देश
हरिद्वार, 23 जुलाई 2026।
पतंजलि योगपीठ के निकट सुरक्षा एनक्लेव, अहमदपुर ग्रांट एवं सहदेवपुर क्षेत्र में भारी वर्षा के कारण उत्पन्न जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रभावित क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों से जमीनी हालात की जानकारी ली गई। अपर जिलाधिकारी ने सुरक्षा एनक्लेव क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु सिंचाई विभाग, रुड़की को पंपिंग स्टेशन निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि डीपीआर तैयार होने के बाद हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा पंपिंग स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही लगभग 700 मीटर लंबा नाला निर्माण के लिए भी डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए।
जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक जल निकासी के लिए आवश्यक पंपों की व्यवस्था पूर्व की भांति तहसील रुड़की द्वारा सुनिश्चित की जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
अपर जिलाधिकारी ने अहमदपुर ग्रांट और सहदेवपुर क्षेत्र में जल निकासी कार्यों के लिए तहसील रुड़की, तहसील हरिद्वार एवं सिंचाई विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निकासी में बाधा उत्पन्न कर रहे अतिक्रमणों को हटाने तथा आवश्यकतानुसार भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त सिंचाई विभाग को चैनलाइजेशन, पुलिया निर्माण, नालों की सफाई एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी विस्तृत डीपीआर तैयार करने को कहा गया। अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्यों को शीघ्र पूर्ण करें, ताकि भविष्य में वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
बैठक में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, तहसीलदार विकास अवस्थी, सिंचाई विभाग के एसडीओ भारत भूषण, सहायक अभियंता शिव कुमार तथा लोक निर्माण विभाग के अपर अभियंता प्रतीक अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

