श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ, प्रथम दिवस की कथा से भक्त हुए भावविभोर

हरिद्वार।उमिया धाम में श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ, प्रथम दिवस की कथा से भक्त हुए भावविभोर
हरिद्वार के भूपतवाला स्थित उमिया धाम में श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ आज अत्यंत भव्य, दिव्य और आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर कथा व्यास परम श्रद्धेय श्री परीक्षित पांडे जी महाराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कर श्रद्धालु भक्तजन भावविभोर हो उठे।
कथा के दौरान व्यास जी ने श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा का विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए राजा परीक्षित और परम ज्ञानी श्री शुकदेव जी महाराज के पावन संवाद का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जब राजा परीक्षित को अपने जीवन के अंतिम सात दिनों का ज्ञान हुआ, तब उन्होंने समस्त सांसारिक मोह-माया का त्याग कर गंगा तट पर श्री शुकदेव जी से भगवान की कथा का श्रवण किया, जिससे उन्हें परम शांति एवं मोक्ष की प्राप्ति हुई।
कथा व्यास ने कहा कि कलियुग में भगवान की भक्ति, सत्संग और श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण ही मनुष्य जीवन को सफल बनाने का सर्वोत्तम मार्ग है। उन्होंने भक्तों को भक्ति मार्ग अपनाने और सत्संग के महत्व को समझने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उमिया धाम के उपाध्यक्ष आई.सी. पटेल जी ने कहा कि यह सब भगवान श्रीकृष्ण की असीम कृपा का परिणाम है। उन्होंने बताया कि जिस भक्त को भगवान बुलाते हैं, वही इस प्रकार के पावन स्थल पर आकर कथा श्रवण का सौभाग्य प्राप्त करता है। भगवान सभी जीवों पर समान कृपा रखते हैं और स्वयं ही भक्तों को भक्ति का मार्ग प्रदान करते हैं।
इस दिव्य आयोजन के यजमान श्री जीतूभाई कालिदास पटेल एवं उनके परिवारजन हैं। उन्होंने इसे अपना परम सौभाग्य बताते हुए कहा कि हरिद्वार की पुण्यभूमि और मां गंगा के तट पर कथा आयोजन एवं श्रवण का अवसर मिलना जीवन को धन्य कर देता है।
कार्यक्रम में श्री मुकेश जी सहित उनके परिवार और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तजन उपस्थित रहे। पूरे कथा स्थल पर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण बना रहा, जिससे उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!