हरिद्वार। अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क में गरिमामय समारोह
स्वतंत्रता सेनानियों को नमन, शहीदों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प
हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क (निकट जटवाड़ा पुल) में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार तथा संगठन के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश आर्य ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया।
इसके उपरांत अमर शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर भारत भूषण विद्यालंकार के साथ जितेन्द्र रघुवंशी, हरित ऋषि विजयपाल बघेल, सुरेश चन्द्र सुयाल एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह राणा ने माल्यार्पण किया। उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी परिवारों, शहीदों के परिजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों का त्याग एवं बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है। उनके सपनों का भारत बनाने, उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रहने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देते हुए कहा कि शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं देशभक्ति के नारों के साथ हुआ, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।
अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क में गरिमामय समारोह

