श्री साहिब धाम आश्रम में भव्य संत समागम एवं संत भंडारे का आयोजन

🔶 श्री साहिब धाम आश्रम में भव्य संत समागम एवं संत भंडारे का आयोजन
क्रॉसिंग मार्ग स्थित प्रसिद्ध श्री साहिब धाम आश्रम में प्रातःस्मरणीय गुरु भगवान ब्रह्मलीन संत स्वरूपदास जी महाराज की पावन कृपा एवं आशीर्वाद से एक विशाल संत समागम एवं संत भंडारे का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। यह आयोजन आश्रम के पीठाधीश्वर प्रातः स्मरणीय श्रीमहंत 1008 स्वामी इन्द्रदास जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में देशभर से पधारे संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने गुरु महिमा का गुणगान करते हुए आध्यात्मिक अमृतवर्षा का आनंद लिया। पूरे आश्रम परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर श्रीमहंत इन्द्रदास जी महाराज ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि गुरु इस पृथ्वी लोक पर ज्ञानगंगा के स्वरूप में अवतरित होकर जीवों का कल्याण करते हैं। उन्होंने बताया कि गुरु ही जीव को सत्य, धर्म और मोक्ष का मार्ग दिखाते हैं तथा उनके बिना जीवन अज्ञान के अंधकार में भटकता रहता है।
संत समागम में उपस्थित स्वामी रविन्द्रदास जी महाराज ने कहा कि गुरु कृपा से ही मनुष्य के जीवन का उद्धार संभव है। स्वामी गोपालदास जी महाराज ने गुरु वाणी को जीवन को पवित्र और सफल बनाने वाला बताया। वहीं महंत महेन्द्रदास जी महाराज ने कहा कि गुरु ही जीवन का आधार हैं और उनके चरणों में ही सच्ची शांति और आनंद प्राप्त होता है।
संत महंत अमरीकदास जी महाराज ने गुरु भक्ति को जीवन का सर्वोत्तम साधन बताया। महामंडलेश्वर श्री राममुनि जी महाराज ने कहा कि गुरु का सान्निध्य मानव जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। अखिल भारतीय घीसा संत मंडल के अध्यक्ष पूज्य स्वामी राघवानंद जी महाराज ने भारतीय संस्कृति में गुरु के सर्वोच्च स्थान पर प्रकाश डाला।
मंडल के उपाध्यक्ष स्वामी अखंडानंद जी महाराज एवं स्वामी कृष्णानंद जी महाराज ने भी गुरु महिमा पर अपने प्रेरणास्पद विचार व्यक्त किए।
समागम के उपरांत विशाल संत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरा वातावरण गुरु भक्ति, संतवाणी और आध्यात्मिक उल्लास से गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर महंत कन्हैया दास महाराज, महंत हरिदास महाराज, महंत अमरीक दास, महामंडलेश्वर राम मुनि महाराज, कोतवाल कमल मुनि महाराज सहित भारी संख्या में संत-महापुरुष एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!