हरिद्वार: माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के “स्वच्छ हरिद्वार” संकल्प को साकार करने की दिशा में आज वार्ड संख्या 43 पांव धोई, ज्वालापुर क्षेत्र में एक व्यापक सफाई अभियान का सफल आयोजन किया गया। यह अभियान पुल जटवाड़ा से शिव मार्केट, ज्वालापुर तक चलाया गया, जिसमें जीएसटी विभाग के अधिकारियों, राष्ट्रीय व्यापार मंडल तथा डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
सफाई अभियान के दौरान अधिकारियों एवं व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सड़कों, नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी सहभागियों ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। अभियान के माध्यम से न केवल क्षेत्र में स्वच्छता सुनिश्चित हुई, बल्कि आमजन में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।
यह सफाई अभियान स्वच्छ हरिद्वार के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ है, जो प्रशासन एवं व्यापारिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।
स्वच्छ हरिद्वार अभियान के तहत ज्वालापुर में चला व्यापक सफाई अभियान

