सप्तऋषि आश्रम में पितृपक्ष पर गूंजी श्रीमद्भागवत कथा की अमृतधारा
त्रिवेणी धाम सत्संग मंडल के तत्वावधान में 4 से 10 अक्टूबर तक कथा, 8 व 9 अक्टूबर को होगा संत भंडारा
हरिद्वार। भूपतवाला स्थित सप्तऋषि आश्रम में पितृपक्ष के पावन अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया जा रहा है। त्रिवेणी धाम सत्संग मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में जयपुर से आए श्रद्धालुजन उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
कथा व्यास गणेश दास जी महाराज, अयोध्या धाम द्वारा श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण पान कराया जा रहा है। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म और सदाचार के प्रसंगों का सुंदर वर्णन कर भक्तों को आध्यात्मिक संदेश दिया जा रहा है।
आयोजन के संबंध में मोहनलाल शर्मा जी ने बताया कि पितृपक्ष के दौरान प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरु कृपा एवं पितरों के आशीर्वाद से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष में भागवत कथा का श्रवण करने से मनुष्य को आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है और पूर्वजों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का भाव प्रबल होता है।
उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। कथा के साथ ही 8 एवं 9 अक्टूबर को संत भंडारे का भी भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें संत-महात्माओं की सेवा एवं सम्मान श्रद्धा भाव से किया जाएगा।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने तथा संत भंडारे में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया।






