श्री जय हनुमान सेवा समिति का सोनीपत जोत महोत्सव भव्यता के साथ संपन्न

हरिद्वार। भूपतवाला स्थित प्रसिद्ध श्री नगली बेला आश्रम में श्री जय हनुमान सेवा समिति, गुरुद्वारा रोड, सोनीपत के तत्वावधान में सोनीपत जोत महोत्सव का भव्य एवं दिव्य आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम परम पूज्य गुरुदेव श्री लखन गुरुजी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।

महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने पावन ज्योत के दर्शन कर गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा और ‘जय श्री हनुमान’ के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

कार्यक्रम में श्री बिहारी लाल अरोड़ा, श्री जितेंद्र कामरा, श्री विनोद खुराना एवं श्री तनु जी ने अपने प्रेरणादायी विचारों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, सेवा, सद्भावना और मानव कल्याण का संदेश दिया।

इस अवसर पर परम पूज्य श्री लखन गुरुजी महाराज ने श्रद्धालुओं को अपने श्रीमुख से दिव्य एवं भक्तिमय संदेश देते हुए कहा कि भगवान की भक्ति मनुष्य के जीवन को नई दिशा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि सेवा, सत्संग और सदाचार के मार्ग पर चलकर ही मनुष्य अपने जीवन को सार्थक बना सकता है। गुरुदेव ने सभी श्रद्धालुओं के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

महोत्सव के दौरान श्रद्धालु भक्ति और आध्यात्मिक भावनाओं में भाव-विभोर नजर आए। पूरे आश्रम परिसर में श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

अंत में आयोजकों ने महोत्सव में शामिल हुए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। समिति ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी इसी प्रकार धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से समाज में भक्ति, सेवा और सद्भावना की भावना को मजबूत करने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!