मीनाक्षीपुरम में अवैध निर्माण पर प्राधिकरण की कार्रवाई, निर्माण स्थल किया सील
हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र के मीनाक्षीपुरम, रावली महमूद में लगभग 25×30 फीट क्षेत्रफल में किए जा रहे अनाधिकृत निर्माण के विरुद्ध प्राधिकरण ने कार्रवाई की है। प्राधिकरण के अनुसार, संबंधित व्यक्ति द्वारा बिना स्वीकृति के निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
अनाधिकृत निर्माण के संबंध में प्राधिकरण द्वारा अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद भी योजित किया गया है। इसके बावजूद स्थल पर लगातार निर्माण कार्य जारी रहने पर प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
टीम द्वारा मौके पर किए जा रहे अवैध निर्माण को सील कर दिया गया। साथ ही, मौके पर मौजूद अनाधिकृत निर्माणकर्ता को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सक्षम प्राधिकारी से निर्माण की स्वीकृति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई के बाद मौके पर निर्माण कार्य बंद करा दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






