लक्सर में बड़ी वारदात टली, फिरौती गैंग गिरफ्तार


लक्सर में बड़ी वारदात टली, फिरौती गैंग गिरफ्तार
लक्सर। हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई। 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने और रकम न मिलने पर हत्या की साजिश रच रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से न केवल फिरौती कांड का खुलासा हुआ, बल्कि एक संभावित हत्या भी समय रहते रोक दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
मामला 19 अप्रैल 2026 को सामने आया, जब हबीबपुर कुड़ी निवासी प्रवीण कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि उससे 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है और न देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। जांच के दौरान पुलिस ने रायसी क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी विकास उर्फ ठाकुर ने कबूल किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फिरौती की साजिश रची थी और रकम न मिलने पर हत्या की योजना बनाई थी। गिरफ्तार आरोपियों में विकास, आशिफ और मुराद अली शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ फिरौती और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!