हरिद्वार के दशानाम आश्रम में श्रीमद्भागवत कथा जारी, छठे दिन रुक्मिणी विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन
हरिद्वार। भूपतवाला स्थित दशानाम आश्रम में इन दिनों श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर राजस्थान से आए लगभग 700 श्रद्धालु श्रद्धा एवं भक्ति भाव से कथा का श्रवण कर रहे हैं।
कथा के छठे दिन श्रीमद्भागवत में वर्णित रुक्मिणी विवाह प्रसंग का अत्यंत मार्मिक एवं भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा व्यास डॉ. त्रिभुवनाचार्य जी ने भक्तों को कथा का रसपान कराते हुए भगवान श्रीकृष्ण एवं रुक्मिणी जी के दिव्य विवाह प्रसंग का सुंदर चित्रण प्रस्तुत किया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भक्ति में लीन नजर आए।
इस धार्मिक आयोजन के मुख्य आयोजक शांति देवी एवं भगवानदास रंगा हैं। कार्यक्रम में बृजमोहन, मोतीलाल, राजेन्द्र व्यास, कमल, फतेबाल, लक्ष्मण, गोपाल व्यास सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन में लघुराम, बोध्य, अशोक बोहरा, नरसिंग पुरोहित, अणतुजी चाण्डा, अकारशंकर चाण्डा, प्रेमप्रकाश चाण्डा तथा अन्य भक्तजन भी सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
यह आयोजन “जय शंकर गंगा” मंडल, मुंबई (गोरेगांव) के तत्वावधान में संपन्न हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण व्याप्त है।

