हरिद्वार के सर्वानंद घाट पर भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

हरिद्वार के सर्वानंद घाट पर भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, श्रीमद् भागवत कथा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
हरिद्वार के पावन सर्वानंद घाट पर चल रही श्रीमद् भागवत कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर दिल्ली से आए श्रद्धालुओं द्वारा कथा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दूर से बड़ी संख्या में भक्तजन सम्मिलित हुए।
कथा के चौथे दिवस पर कथा व्यास जी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का दिव्य प्रसंग सुनाया। जैसे ही श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का वर्णन हुआ, पूरे पंडाल में भक्तिमय वातावरण बन गया। श्रद्धालुओं ने जयकारों, भजनों और नृत्य के माध्यम से अपनी आस्था प्रकट की। वातावरण “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के उद्घोष से गूंज उठा।
इस आयोजन में शामिल श्रद्धालु बड़े श्रद्धाभाव से कथा का श्रवण कर रहे हैं और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कर रहे हैं। पूरे आयोजन को भव्य सजावट, आकर्षक झांकियों और भक्तिमय संगीत के साथ सजाया गया, जिससे उपस्थित लोगों को मानो द्वापर युग की अनुभूति होने लगी।
आयोजकों ने बताया कि यह श्रीमद् भागवत कथा कई दिनों तक चलेगी, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं का उत्साह और भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों का समाज में विशेष महत्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!