शांतिकुंज में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व धूमधाम से मनाया, पत्रकारों का हुआ सम्मान

शांतिकुंज में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व धूमधाम से मनाया, पत्रकारों का हुआ सम्मान
हरिद्वार, 11 मई। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में सोमवार को भारतीय संस्कृति, आस्था और राष्ट्रगौरव के प्रतीक सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर शांतिकुंज के अंतेवासियों, कार्यकर्ताओं, देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिवार तथा विभिन्न साधना सत्रों और प्रशिक्षण शिविरों से जुड़े प्रशिक्षणार्थियों ने शोभायात्रा, रुद्राभिषेक, आरती और दीपोत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में संस्कृति मंत्रालय के अधिकारी गणेश चन्द्र पाण्डेय और सुरेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे।
इस मौके पर शांतिकुंज की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी ने अपने संदेश में कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की सांस्कृतिक चेतना, आत्मगौरव और पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अनेक आक्रमणों के बावजूद इसका पुनर्निर्माण भारतीय समाज की अटूट श्रद्धा और राष्ट्रीय स्वाभिमान को दर्शाता है। उन्होंने वर्तमान पीढ़ी से आह्वान किया कि वे अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि सोमनाथ मंदिर का इतिहास यह संदेश देता है कि भारतीय संस्कृति को मिटाया नहीं जा सकता। यह पर्व राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने का अभियान है। शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि ने भी मंदिर के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे आस्था, संघर्ष और पुनरुत्थान का प्रेरणास्रोत बताया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विशेष पूजा-अर्चना के पश्चात देशभर में यह स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पत्रकार सम्मान समारोह का भी आयोजन
जन्मशताब्दी कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद शांतिकुंज में हरिद्वार जिले के पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अखिल विश्व गायत्री परिवार की संरक्षिका श्रद्धेया जीजी और डॉ. चिन्मय पंड्या ने पत्रकारों से संवाद कर उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
डॉ. पंड्या ने कहा कि सकारात्मक विचारों और सांस्कृतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वहीं श्रद्धेया जीजी ने मूल्यनिष्ठ पत्रकारिता को समाज में जागरूकता और सद्भाव का आधार बताया।
कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी रतिलाल, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेन्द्र चौधरी, कौशल सिखौला, डॉ. रजनीकांत शुक्ल, डॉ. एसएस जायसवाल सहित जिले के कई पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!