किशोरी की संदिग्ध मौत पर हरिद्वार में बवाल, कांग्रेस ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

किशोरी की संदिग्ध मौत पर हरिद्वार में बवाल, कांग्रेस ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
हरिद्वार। किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्वालापुर कोतवाली के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और सीओ सिटी को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर और कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और यह घटना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग की। साथ ही दोषियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने आरोप लगाया कि पुलिस का रवैया पीड़ित परिवार के प्रति ठीक नहीं रहा। उनका कहना था कि यदि समय पर कार्रवाई होती तो किशोरी की जान बच सकती थी। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों को चिन्हित कर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
महिला महानगर अध्यक्ष लता जोशी, संजय सैनी और विकास चंद्रा ने कहा कि बालिकाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषियों को जल्द सजा दिलाई जाए।
एडवोकेट फुरकान अली और एससी प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष मनोज जाटव ने भी जांच में तेजी लाकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की, ताकि भविष्य में कोई ऐसा अपराध करने की हिम्मत न करे।
प्रदर्शन में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ मृतक किशोरी के परिजन भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!