हरिद्वार।
पवित्र नगरी हरिद्वार में ऑल इंडिया टेंट डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन (पंजीकृत) की राष्ट्रीय कार्यकारी सभा एवं कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। देश के विभिन्न राज्यों से आए टेंट, बैंक्वेट हॉल, फार्म हाउस, कैटरिंग, फ्लावर डेकोरेशन, जनरेटर एवं बैंड व्यवसाय से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों ने इस कार्यक्रम में भाग लेकर उद्योग से जुड़ी समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव अशोक चावला ने सभी अतिथियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि हरिद्वार जैसे पवित्र तीर्थ स्थल पर राष्ट्रीय कार्यकारी सभा का आयोजन होना पूरे संगठन के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि वेडिंग और टेंट उद्योग आज देश में लाखों लोगों को रोजगार प्रदान कर रहा है, इसलिए सरकार को इस क्षेत्र की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।
अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष उद्योग से जुड़ी कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें जीएसटी पंजीकरण सीमा को बढ़ाने, कंपोजिशन स्कीम की सीमा को 2 करोड़ रुपये तक करने, टेंट एवं वेडिंग सेवाओं पर जीएसटी दर 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने, सरकारी कार्यों में भुगतान प्राप्त होने के बाद ही टैक्स जमा करने की व्यवस्था लागू करने जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल रहीं।
इसके साथ ही उन्होंने टेंट, बैंक्वेट हॉल, फार्म हाउस और कैटरिंग से जुड़े वेडिंग उद्योग को औपचारिक रूप से “उद्योग का दर्जा” देने, ई-वे बिल व्यवस्था को सरल बनाने तथा अन्य राज्यों में कार्य करने पर इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) से जुड़ी समस्याओं के समाधान की भी मांग रखी।
महासचिव ने यह भी सुझाव दिया कि जिस प्रकार किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा मिलती है, उसी प्रकार इस उद्योग से जुड़े व्यापारियों के लिए भी सेवा क्रेडिट कार्ड की व्यवस्था की जाए, जिससे उन्हें व्यवसाय के विस्तार और आधुनिक संसाधनों के लिए सुलभ ऋण प्राप्त हो सके। इसके अलावा संगठन ने अपने सदस्यों के लिए कम से कम 10 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कराने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह राष्ट्रीय कार्यकारी सभा संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगी तथा टेंट और वेडिंग उद्योग से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अंत में सभी अतिथियों और सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
हरिद्वार में ऑल इंडिया टेंट डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन की राष्ट्रीय कार्यकारी सभा सम्पन्न

