ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में दिखा आस्था, उत्साह और भाईचारे का अद्भुत संगम

हरिद्वार, ज्वालापुर। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर नगर में आस्था, उत्साह और भाईचारे का अद्भुत नजारा देखने को मिला। इस अवसर पर निकाले गए विशाल जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक शिरकत की। जुलूस के दौरान पूरा क्षेत्र जश्न और खुशियों के माहौल में नजर आया।

जुलूस के दौरान पार्षद हरविंदर सिंह ने पुष्पवर्षा कर जुलूस में शामिल लोगों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को फ्रूट, शरबत आदि वितरित कर ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी और सभी के लिए सुख-शांति एवं समृद्धि की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम के दौरान जगह-जगह स्वागत की व्यवस्था की गई थी। इससे पूरे क्षेत्र में आपसी सौहार्द, प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देखने को मिला। जुलूस में शामिल लोगों का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया।

इस अवसर पर पार्षद हरविंदर सिंह ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का पर्व हमें भाईचारे, अमन, प्रेम और इंसानियत के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से मिल-जुलकर रहने तथा नगर में शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने की अपील की।

पार्षद के इस सौहार्दपूर्ण प्रयास की लोगों ने सराहना की और इसे आपसी भाईचारे को मजबूत करने वाला कदम बताया। कार्यक्रम में सलमान खान, जाहिद सलमानी, अमन अंसारी सहित अन्य साथी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। जुलूस शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!