हजरत मोहम्मद साहब ने दुनिया को दिया प्यार, अमन और इंसानियत का पैगाम: शफी खान

ईद-ए-मिलादुन्नबी पर अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी ने अस्पतालों में मरीजों को बांटे फल

हरिद्वार, 25 अगस्त। जश्ने ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी की ओर से इंसानियत और खिदमत का संदेश देते हुए सेवा कार्य किया गया। सोसायटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिला अस्पताल, मेला अस्पताल, महिला अस्पताल और रामकृष्ण मिशन अस्पताल सहित विभिन्न अस्पतालों में पहुंचकर भर्ती मरीजों को फल वितरित किए और उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ की।

इस अवसर पर सोसायटी के अध्यक्ष शफी खान ने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) ने पूरी दुनिया को मोहब्बत, भाईचारे, अमन और इंसानियत का पैगाम दिया। उनका जीवन गरीबों, यतीमों और जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरणा देता है। ईद-ए-मिलादुन्नबी के पाक मौके पर अस्पतालों में मरीजों की सेवा करना उसी संदेश को आगे बढ़ाने का एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने कहा कि दीन-दुखियों के काम आना ही सच्ची इंसानियत है।

सोसायटी के महासचिव राहील कुरैशी ने कहा कि संस्था की ओर से हर वर्ष ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर फल वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में यह संदेश देना है कि खुशी का असली अर्थ उसे दूसरों के साथ बांटने में है। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों से उनकी खैरियत पूछकर फल वितरित किए गए। सोसायटी भविष्य में भी इसी तरह समाजसेवा के कार्य जारी रखेगी।

हाजी जमशेद खान, नायब सदर, अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी एवं सदर, ज्वालापुर ईदगाह कमेटी ने कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम की तालीम इंसानियत, जरूरतमंदों की मदद और बीमारों की इयादत का संदेश देती है। इसी भावना के तहत जिला अस्पताल सहित विभिन्न अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए गए। उन्होंने समाज के सभी लोगों से जरूरतमंदों की मदद के लिए अपने-अपने स्तर पर आगे आने की अपील की।

वहीं नौशाद मंसूरी ने कहा कि ईद-ए-मिलादुन्नबी का संदेश रहमत, भाईचारे और नेक कामों से जुड़ा है। अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके तीमारदार कठिन परिस्थितियों से गुजरते हैं। ऐसे में फल के रूप में की गई छोटी सी मदद भी उनके चेहरे पर मुस्कान ला सकती है। उन्होंने सोसायटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने की बात कही।

फल वितरण कार्यक्रम के दौरान जैनुल अंसारी, फुरकान अंसारी, नसीम सलमानी, शौकीन अब्बासी सहित सोसायटी के अनेक सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से संस्था ने ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर समाज में प्रेम, भाईचारे, सेवा और इंसानियत का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!