हरिद्वार के विभिन्न मठ-मंदिरों और अखाड़ों से महामंडलेश्वर एवं संतों ने की शिरकत, महंत प्रहलाद दास जी महाराज के सानिध्य में हुआ आयोजन
श्री गुरु कृपा कुटी आश्रम में बाबा दूधाधारी जी एवं बाबा बर्फानी जी महाराज की 42वीं पुण्य स्मृति के पावन अवसर पर भक्तों एवं संतों के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरिद्वार के विभिन्न मठ-मंदिरों एवं अखाड़ों से महामंडलेश्वर, संत-महात्माओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा प्रसाद ग्रहण किया।
यह भव्य आयोजन महंत श्री प्रहलाद दास जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर महंत प्रहलाद दास जी महाराज ने अपने गुरु महाराज को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए कहा कि उनके गुरु महाराज एक दिव्य मूर्ति एवं महान तपस्वी संत थे। उनके आशीर्वाद से आज भी सभी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महान संतों और दिव्य आत्माओं का जन्मोत्सव नहीं, बल्कि उनकी पुण्यतिथि मनाई जाती है, ताकि उनके त्याग, तपस्या और समाज को दिए गए मार्गदर्शन को सदैव स्मरण रखा जा सके। गुरु महाराज द्वारा दिखाए गए मार्ग और उनके आदर्शों पर चलकर हम अपने जीवन को धन्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
महंत प्रहलाद दास जी महाराज ने कहा कि आज भी दूर-दूर से गुरु महाराज के भक्त आश्रम में पहुंचकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं और अपनी सामर्थ्य के अनुसार धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सहयोग प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु महाराज का तेज और उनकी तपस्या उन्हें महान संतों की श्रेणी में स्थापित करती है। उनका आशीर्वाद सदैव सभी भक्तों एवं संत समाज पर बना रहे।
उन्होंने संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी इसी प्रकार धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा तथा सनातन धर्म की सेवा और प्रचार-प्रसार के लिए सभी मिलकर कार्य करते रहेंगे।
भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सेवा का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में अनिल कुमार, राजेंद्र चौधरी, राजेंद्र आवाला, दलजिंदर चौधरी, हैप्पी नरूला, बृजभूषण, राजेंद्र भटेजा, निक्का आवाला, राजन वाला, महंत प्रहलाद दास जी, दुर्गादास जी, विष्णु दास जी, गुरमांल जी, सोनू मंडोर जी सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






