देशभर में गूंजेगा अमर शहीद जगदीश वत्स का यशोगान
सरकार शहीद परिवारों के हितों की हर स्तर पर करेगी रक्षा – मदन कौशिक
हरिद्वार, 25 जुलाई 2026।
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति (रजि.) के अनुरोध पर जिला प्रशासन द्वारा अमर शहीद जगदीश वत्स की 101वीं जयंती ज्वालापुर स्थित शहीद जगदीश वत्स पार्क (जटवाड़ा पुल) में अत्यंत भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक द्वारा ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, स्वामी शरद पुरी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार, समिति के अध्यक्ष देशबंधु तथा महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और मोतियों की माला पहनाकर किया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को सम्मानित करते हुए कहा कि देश उन वीरों का सदैव ऋणी रहेगा जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें स्वतंत्रता दिलाई। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान और हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेगी तथा भविष्य में शहीद जगदीश वत्स की जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर मनाने का प्रयास किया जाएगा।
समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि देशभर में लाखों स्वतंत्रता सेनानियों और करोड़ों उनके परिजनों का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने अंडमान निकोबार की सेल्यूलर जेल के दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि हर नागरिक को वहां जाकर स्वतंत्रता संग्राम की पीड़ा और बलिदान को समझना चाहिए।
रघुवंशी ने शहीद जगदीश वत्स के जीवन का वर्णन करते हुए बताया कि वे मात्र 17 वर्ष की आयु में ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ के दौरान देश के लिए शहीद हो गए। हरिद्वार में आयोजित जुलूस के दौरान उन्होंने तीन स्थानों पर तिरंगा फहराया और अंग्रेजों की गोलियों का सामना करते हुए वीरगति प्राप्त की। उनका बलिदान आज भी देशभक्ति की प्रेरणा देता है।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि शहीद जगदीश वत्स का जीवन देशभक्ति का आदर्श उदाहरण है। उन्होंने कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया तथा ‘हरित हरिद्वार’ अभियान के अंतर्गत पौधों का वितरण भी किया।
कार्यक्रम में भारत भूषण विद्यालंकार, विजय पाल बघेल, सुरेश चन्द्र सुयाल, शशि शर्मा, रजनीकांत शुक्ला, अरुण पाठक, डॉ. वेदप्रकाश आर्य सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार रखे। नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा युवा स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों, नागरिकों और युवाओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने शहीद जगदीश वत्स को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

