निर्जला एकादशी पर संत हरी नाम धाम, भूपतवाला (हरिद्वार) में भव्य लंगर एवं शरबत वितरण, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद


निर्जला एकादशी पर संत हरी नाम धाम, भूपतवाला (हरिद्वार) में भव्य लंगर एवं शरबत वितरण, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
हरिद्वार, भूपतवाला।
निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर संत हरी नाम धाम, भूपतवाला (हरिद्वार) में श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ भव्य शरबत वितरण एवं विशाल लंगर प्रसाद का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं एवं यात्रियों ने लंगर प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
संत हरी नाम धाम में नित्य रूप से निशुल्क लंगर सेवा संचालित की जाती है, जिसमें दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को भोजन, आवास, सुबह का नाश्ता, भजन-कीर्तन एवं रात्रि भोजन सहित सभी सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जाती हैं। यह सेवा पिछले कई वर्षों से निरंतर निस्वार्थ भाव से संचालित हो रही है, जहां सभी को समान रूप से सेवा दी जाती है।
इस पावन सेवा कार्य का संचालन टिकाना सती भाई साई दास जी कलानौर के सानिध्य में किया जा रहा है। सेवादार महंत श्री राम सुख दास जी के मार्गदर्शन में रोहतक, पानीपत, जालंधर, गुरुग्राम सहित विभिन्न स्थानों पर भी लंगर एवं निःशुल्क निवास की व्यवस्था भव्य रूप से संचालित की जा रही है।
संत हरी नाम धाम केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि मानव सेवा की एक जीवंत मिसाल बन चुका है। यहां यह सुनिश्चित किया जाता है कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे और न ही भूखा सोए। धाम में सेवा कार्य पूर्णतः निस्वार्थ भावना से किए जाते हैं।
गुरु महाराज जी के सादगीपूर्ण जीवन एवं उच्च विचारों का ही परिणाम है कि वे अपने सरल स्वभाव के कारण सभी के प्रिय हैं। वे अपने व्यवहार से हर व्यक्ति को अपनापन का अनुभव कराते हैं। गुरु महाराज जी का कहना है कि, “यह सब प्रभु की कृपा और मार्गदर्शन से ही संभव हो पाता है। मैं स्वयं कुछ भी नहीं कर सकता। हमारा प्रयास केवल इतना है कि यह सेवा निरंतर चलती रहे और और अधिक विस्तृत हो।”
धाम द्वारा समाज सेवा के अंतर्गत अब तक 200 से अधिक स्थानों पर जल के प्याऊ स्थापित किए जा चुके हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पताल, स्कूल एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जहां भी जल की आवश्यकता होती है, वहां पर निःशुल्क पेयजल की व्यवस्था की गई है। भविष्य में भी इस सेवा कार्य को और विस्तार देने का संकल्प लिया गया है।
— समाप्त —

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!