भक्ति और श्रद्धा में डूबा श्रीमद्भागवत सप्ताह, समापन पर भावुक हुए श्रद्धालु
हरिद्वार। भूपतवाला स्थित श्री रामफूल धर्मशाला में आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का समापन निकट आते ही पूरा परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी भक्त भाव-विभोर दिखाई दिए।
कथा व्यास श्री विशाल भाई ने अपने मधुर वाणी से श्रीमद्भागवत के दिव्य प्रसंगों का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्श जीवन और उनके उपदेशों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि भागवत कथा केवल सुनने का विषय नहीं, बल्कि उसे जीवन में अपनाना ही इसका वास्तविक उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि जब मनुष्य श्रद्धा और भक्ति के साथ सत्संग करता है, तो वह धीरे-धीरे परमात्मा के समीप पहुंच जाता है। भागवत कथा आत्मा को शुद्ध करने और जीवन को सही दिशा देने का सर्वोत्तम माध्यम है।
समापन के क्षणों में पूरा वातावरण भावुक हो उठा। भक्तों की आंखों में आंसू थे और उनके हृदय भगवान के प्रति प्रेम और समर्पण से भर गए।
कथा यजमान हंसाबेन ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह आयोजन उनके जीवन का अमूल्य अवसर रहा है। उन्होंने कहा कि कथा श्रवण से उन्हें मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त हुई है।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन और जय श्रीकृष्ण के उद्घोषों से वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे मन से कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।

